
भोरंज (हमीरपुर)। सीएचसी भोरंज में 108 एंबुलेंस जैक के सहारे खड़ी है। टायरों की खस्ताहालत के चलते पांच दिनों से रोगियों को 108 एंबुलेंस की सुविधा मुहैया नहीं हो पाई है। टायर बदलने के लिए फंड नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों में अश्वनी कुमार, करतार चंद, सुरेश कुमार, मिलाप चंद, सन्नी कुमार, विनोद, राजेश कुमार, रघुवीर सिंह, बंटी, अवतार सिंह, सुरेंद्र रांगड़ा, हरि सिंह, ज्ञान चंद आदि का कहना है कि 108 एंबुलेंस पांच दिन से अस्पताल के बाहर जैक के सहारे खड़ी है। पांच दिन से रोगियों को 108 एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिली है। भोरंज में एंबुलेंस का शुभारंभ तत्कालीन शिक्षा मंत्री आईडी धीमान ने किया था। वर्तमान में 108 एंबुलेंस हांफ चुकी है। 108 एंबुलेंस के टायरों की हालत खस्ता है और नए टायरों की सप्लाई न होने से सरकार की योजना मात्र शोपीस बनकर रह गई है। टायर उपलब्ध न होने के कारण एंबुलेंस को अस्पताल परिसर में जैक के सहारे खड़ा कर दिया गया है। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के दावों की पोल एंबुलेंस ने खोल दी है।
108 एंबुलेंस अस्पताल के अधीन नहीं है। 108 नंबर डायल कर ही जानकारी मिल सकती है।
-डॉ. प्रवीन चौधरी, बीएमओ भोरंज
जिला मैनेजर 108 एंबुलेंस सेवा गौरव मैहता का कहना है कि
एंबुलेंस के टायरों की सप्लाई नहीं पहुंची है। बुधवार को एंबुलेंस को आन रोड कर दिया जाएगा।
-गौरव मेहता, जिला मैनेजर 108 एंबुलेंस
