भोरंज-बड़सर में बीपीएल सूची से काटे 21 नाम

भोरंज-नादौन (हमीरपुर)। हमीरपुर जिले के भोरंज तथा बड़सर उपमंडल में बीपीएल सूचियों से 21 अपात्र लोगों के नाम काट दिए गए हैं। नादौन तथा हमीरपुर उपमंडल की बीपीएल सूचियों में अपात्र लोगों को शामिल करने की शिकायतों की सुनवाई के लिए तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं।
जिले में बीपीएल सूचियों में अपात्र लोगों के नाम शामिल करने को लेकर उपमंडल प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने उपमंडलाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश जारी किए। उसके आधार पर भोरंज तथा बड़सर उपमंडल में बीपीएल सूचियों में अपात्र लोगों को शामिल करने की शिकायतों पर उपमंडलाधिकारियों ने सुनवाई कर 21 लोगों के नाम काटे हैं। भोरंज उपमंडल में छह तथा बड़सर उपमंडल में 15 अपात्र लोगों के नाम बीपीएल सूचियों से काटे गए हैं। नादौन तथा हमीरपुर उपमंडल में भी बीपीएल की सूचियों में अपात्र लोगों के नाम शामिल करने की शिकायतों पर इसी माह सुनवाई की जाएगी। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने भोरंज तथा बड़सर उपमंडल में बीपीएल सूचियों से 21 अपात्र लोगों के नाम काटे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि बीपीएल में पात्र लोगों को शामिल किया जाएगा। ग्राम सभाओं के माध्यम से ही बीपीएल की सूचियां तैयार की जाती हैं तथा बीपीएल में शामिल होने के लिए 13 विभिन्न मापदंडों को अपनाया जाता है। इसके आधार पर गरीब लोगों को बीपीएल में शामिल किया जाता है। ग्राम सभाओं को बीपीएल सूचियों में नए नाम शामिल करने तथा काटने के लिए प्राधिकृत किया गया है, लेकिन अगर किसी को आपत्ति हो तो उपमंडलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज करवा सकता है, निर्धारित मापदंडों को पूरा नहीं करने वाले लोगों के नाम बीपीएल सूचियों से हटाए जा सकते हैं।

Related posts