
नाहन (सिरमौर)। निर्वाचन क्षेत्र नाहन के तहत पंचायत रामपुर-भारापुर में बहने वाली सुंकर नदी ने सोमवार तड़के दोबारा क्षेत्र में तबाही मचाई है। क्षेत्र में रविवार देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद सुंकर में एक बार फिर उफान आया। समीप के रामपुर-बंगारण गांव के कई घरों, खेतों एवं समीप के कृष्णा उद्योग में मलबा घुस गया, जिससे उद्योग को करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान है। पंचायत के पूर्व उपप्रधान ओम प्रकाश ने बताया कि सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे सुंकर नदी में जबर्दस्त बाढ़ आई, जिससे रामपुर बंगारण गांव की धान की खेती इसकी चपेट में आ गई है। कृष्णा उद्योग के प्रबंधन निदेशक मदन शर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी में रेलवे के सिंगनल केबल का निर्माण होता है, लेकिन सोमवार तड़के सुंकर में आई बाढ़ से करीब सौ मशीने गाद एवं बरसाती पानी की चपेट में आई है। पूरी फेक्टरी परिसर में दो से चार फिट गाद भर गई है, जिससे करोड़ों का नुकसान हो चुका है। कम से कम एक सप्ताह तक उद्योग में उत्पादन ठप रहेगा। उन्होंने बताया कि साथ लगती गत्ते का निर्माण करने वाली एमआर इंडस्ट्री को भी नुकसान पहुंचा है। पंचायत निवासी बलवीर सिंह, सावन चंद, हितेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह, मालाराम, भूरा खान आदि ने बताया कि गांव में सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एक प्राइमरी एवं निर्माणाधीन पालीटेक्निक संस्थान को भी नुकसान पहुंचा है। एसडीएम पांवटा साहिब श्रवण मांटा ने कहा कि रामपुर-भारापुर पंचायत में सोमवार सुबह सुंकर नदी के बढ़ने से क्षेत्र में उद्योग एवं खेतों को पहुंचे नुकसान का जायजा लेने राजस्व विभाग की टीम को रवाना कर दिया है। क्षति का आंकलन कर जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
