
कुल्लू। पार्वती वन मंडल ने कोयले के नाम पर वन संपदा को नष्ट करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विभाग ने अवैध रूप से हरे भरे जंगलों को काट कर कोयला निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर रखी है। डीएफओ पार्वती की अगुवाई में की गई छापेमारी में बोरियां 35 कोयले की बरामद की है। विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर गड़सा घाटी के धारा गांव में यह छापेमारी की।
विभाग ने इसी जगह से एक माह पूर्व 17 जून को छापेमारी कर 50 से अधिक कोयले की बोरियां बरामद की थीं। लेकिन एक बार फिर से विभाग ने यहां रेड डालकर कोयला पकड़ा है। बरामद किया गया कोयला धारा गांव के खेतों में मिला है। कोयला बान की लकड़ी का बनाया गया है। विभाग अब यह जानने की कोशिश में जुटा है कि इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
विभाग का एक दल अब कोयले के लिए कटे पेड़ों के साथ कोयले के लिए लगाई भट्ठी वाली जगह की निशानदेही करेगा। पार्वती वन मंडल के डीएफओ संदीप शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वन संपदा को बचाने के लिए विभाग ने पेट्रोलिंग टीम का गठन किया था। यह समय-समय पर वन क्षेत्र पर नजर रख रही थी। संदीप शर्मा ने कहा कि छापेमारी में पकड़ी गई कोयला की खेप को बरामद कर लिया है। कोयला निकालने में किन लोगों का हाथ है, इसकी जांच हुरला रेंज के आरओ पीसी गुलेरिया को सौंपी है। डीएफओ ने कहा कि वन संपदा को नष्ट करने में लगे लोगों की जल्द पहचान की जाएगी। कहा कि अगर विभाग को कोई सहयोग नहीं मिला, तो मामला दर्ज कर पुलिस की मदद ली जा सकती है।
