ट्रैफिक बूथ से ही हादसे की आशंका

खराहल (कुल्लू)। रामशिला गैमन पुल के पास एनएच-21 पर बना छह फुट ऊंचा ट्रैफिक बूथ हादसे को न्यौता दे रहा है। इस ट्रैफिक बूथ का आधार अधिक ऊंचा होने के कारण लेफ्ट बैंक से आने वाली गाड़ियाें के चालकों को चौक पर टर्न करते समय मनाली से आती-जाती गाड़ियां नजर नहीं आती। इस कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं।
लोगों ने सरकार और प्रशासन से इस ट्रैफिक बूथ को दुरुस्त करने की मांग की है। घाटी की पंचायत नेऊली, पूईद, चंसारी, तलोगी, गाहर, सेऊगी और काईस के ग्रामीणों ने सरकार तथा प्रशासन से इस बूथ को तकनीकी तौर पर दुरुस्त करने की मांग की है। नेऊली पंचायत के बीडीसी सदस्य सुरेंद्र सिंह ,वार्ड पंच पूर्ण चंद, कुल्लू ब्लॉक समिति के पूर्व उपाध्यक्ष हरि राम, जगदीश, जसी राम, केहर सिंह, नवीन और सुभाष शर्मा ने कहा कि ट्रैफिक बूथ का आधार ईंटों के साथ छह फुट ऊंचा बना हुआ। इस कारण गाड़ियों के टर्न करते समय अन्य वाहन दिखाई नहीं देते है। ऐसे में यहां बड़े हादसे की आशंका रहती है। स्थानीय पंचायतों ने इस बाबत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को प्रस्ताव भेजने का खाका तैयार किया है। स्थानीय विधायक और प्रशासन को भी एक प्रतिलिपि प्रेषित की जाएगी। सदर के विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि संबंधित विभाग को निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाएंगे। तकनीकी तौर पर जो खामियां होंगी उनको दुरुस्त करने के प्रयास प्राथमिकता के आधार पर होंगे। डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि फिलहाल इस तरह की कोई शिकायत नहीं है। वे रोज यहां से गुजरते हैं, सब कुछ ठीक चल रहा है। बावजूद कोई समस्या पेश आ रही है तो इसे देखा जाएगा।

Related posts