रेलवे स्टेशन पर अनुराग के नेतृत्व में धरना

ऊना। आखिरकार मंगलवार को केंद्र सरकार व रेल मंत्रालय के हिमाचल के भेदभावपूर्ण रवैये पर सांसद अनुराग ठाकुर का गुस्सा फूट गया और वह आक्रामक अंदाज में देर सायं अपने सैकड़ों समर्थकों सहित रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और युवा कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व में जोरदार नारेबाजी की। अनुराग ठाकुर ने नांदेड़ साहिब ट्रेन के समय को ऊना से शुरू न करके नंगल से शुरू करने का जारी करने पर कड़ा एेतराज जताते हुए कहा कि ऐसा अन्याय रेल विभाग केंद्र के इशारों पर कर रहा है और भाजपा सांसद के क्षेत्र के साथ भेदभाव करने का यह प्रमाण है।
इस धरना प्रदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं ऊना जनहित मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया और नांदेड़ साहिब ऊना से शुरू करो, नंगल से चलने वाली गाड़ियां ऊना और अंब से चलाई जाएं। अनुराग ठाकुर ने नंगल से चलने वाली ट्रेनों को ऊना एवं अंब से शुरू करने का भी मामला उठाया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल को कमजोर न समझे। हिमाचल यदि शांत प्रदेश है तो उसका हक मारने का प्रयास न किया जाए। इस अवसर पर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र कंवर, जिला भाजपाध्यक्ष बलवीर बग्गा, भाजपा नेता रामकुमार, हरि ओम भनोट, महिला नेत्री संतोष सैनी, रमेश भड़ौलियां, देसराज राणा, राज्य भाजयुमो उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, ऊना जनहित मोर्चा के प्रवक्ता राजीव भनोट, चेयरमैन नवदीप कश्यप, तरसेम शर्मा, यशपाल राणा, महामंत्री बलविंद्र गोल्डी, राजकुमार पठानिया, युवा मोर्चा के अध्यक्ष बलराम बबलू, दिवेंद्र शर्मा, राजन सहोड़, स्वराज टिकड़ा, पुनीत मैहन, भाजपा नेता सुरजीत सैनी, नवीन पुरी, मनोहर लाल, कृष्णपाल शर्मा, विकास आंगरा, लखविंद्र लक्खी, मुनीष ठाकुर सहित सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts