
सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत कामला में एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति का शव तरंगड़ा नामक स्थान पर खड्ड के साथ एक पेड़ से लटका मिला। जानकारी के मुताबिक राम कुमार (47) पुत्र स्वर्गीय ज्ञान चंद निवासी कामला 18 जुलाई से घर से गायब था।
व्यक्ति के परिजनों ने आसपड़ोस और रिश्तेदारों के घर पता किया लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजनों ने चुवाड़ी थाना में 21 जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। सोमवार को उसका बड़ा भाई उत्तम सिंह और कुछ गांववासी कामला गांव के साथ लगते जंगल में रामकुमार को ढूंढ रहे थे। इस दौरान तरंगड़ा स्थान पर खड्ड के पास एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया गया। एडिशनल एसएचओ कुशहाल सिंह, चौकी प्रभारी नरूप सिंह गुलेरिया समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में ले लिया गया। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। राम कुमार की तीन लड़कियां और एक लड़का है। वह मजदूरी करता था।
एसपी बीएम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस की छानबीन में किसी पर भी शक नहीं जाहिर किया गया है। पता चला है कि राम कुमार गुस्सैल किस्म का व्यक्ति था।
