दरवाजा बंद कर पंखे से लटका युवक

सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत गोला में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसकी इस हरकत का पता चलते ही समय रहते परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ कर उसे फंदे पर झूलते हुए नीचे उतार लिया। जब तक उसे उतारा जाता वह लटकने के कारण बेहोश हो चुका था। उसे पहले जिला कांगड़ा के शाहपुर स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उसे डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज अस्पताल टांडा रेफर किया गया। टांडा में उसका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विशाल कुमार (19) पुत्र जरनैल सिंह निवासी गोला ने हाल ही में जमा दो की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके बाद वह घर पर ही था। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने कमरे में था। इस दौरान उसने अंदर से कमरे को कुंडी लगा रखी थी। काफी देर तक दरवाजा बंद होने के कारण जब उसकी बहन ने खिड़की से उसके कमरे में देखा तो वह फंदा लगाकर पंखे से लटक रहा था। इसके बाद परिजनों ने शोर मचा दिया। आसपड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान उसके कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे पंखे से उतारा गया। विशाल के पिता जरनैल सिंह ने बताया कि इसके बाद उन्होंने 108 एंबुलेंस को फोन किया। विशाल को सीएचसी शाहपुर ले जाया गया। यहां पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे टांडा के लिए रेफर कर दिया। इसकी सूचना शाहपुर थाने में दी गई। स्थानीय पुलिस ने सिहुंता चौकी से पुलिस की टीम मौके पर भेजी है। एसपी बीएम शर्मा ने बताया कि युवक अभी तक बेहोश पड़ा है। इस कारण आत्महत्या की कोशिश करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts