आठ घंटे अंधेरे में डूबे रहे चंबा-खज्जियार

चंबा। जिला मुख्यालय और खज्जियार इलाके में लगभग आठ घंटे बिजली गुल रही। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रविवार को 33 केवी लाइन में खराबी आने के कारण रात करीब 12 बजकर 50 मिनट पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे पूरा शहर अंधेरे में डूबा रहा। साथ ही खज्जियार इलाके के कुछ गांव भी बिना बिजली प्रभावित हुए। इसके बाद सुबह करीब सात से आठ बजे तक दो तीन बार कुछ मिनटों के लिए बिजली आई, लेकिन फिर चली गई। बिजली की इस आंखमिचौनी के कारण शहरवासियों समेत साथ लगती पंचायतों के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को काफी परेशानी पेश आई। रमजान का महीना होने के कारण इन दिनों रोजे होने के कारण लोगों को सुबह खाना तैयार करना पड़ता है लेकिन बिजली न होने के कारण खाना बनाने में परेशानी पेश आई। शहर के लोगों को रात को पंखे न चलने के कारण गर्मी ने तंग किया। लोगों ने करवटें बदल-बदल कर रात गुजारी। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता दीपक वर्मा ने बताया कि 33 केवी सब स्टेशन में खराबी आने के कारण बिजली चली गई थी। विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब नौ बजे बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी।

Related posts