रैनौला-सरैणा सड़क का काम बंद

चंबा। सड़क की समस्या को लेकर जांघी के ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त संदीप कदम से मिला। ग्रामीणों ओम प्रकाश, किशोरी लाल, प्रवीन, तिलक राज, राजेश, देवेंद्र और अशोक कुमार ने उपायुक्त को बताया कि रैनौला से सरैणा पाठशाला तक सड़क के निर्माण का कार्य बीच में बंद कर दिया गया है। यह कार्य पिछले दो महीने से बंद पड़ा है। सड़क के निर्माण कार्य के लिए गांव कुटी, सरैणा, कथवाड़ा, रूढ़ार, उखड़ेली और बगेई के लोगों ने अपनी जमीन विभाग के नाम करवा रखी है। सड़क निर्माण कार्य के चलते गांववासियों ने अपनी जमीन में फसल की बीजाई भी नहीं की। इस सड़क निर्माण कार्य को लेकर गांववासियों में काफी खुशी थी। सड़क बनने से गांववासियों को पीठ पर भार ढोने से निजात मिलेगी। ठेकेदार की लापरवाही के कारण उनकी खुशी धीरे-धीरे मायूसी में बदलने लगी है। गांववासियों ने सड़क के निर्माण कार्य में ठेकेदार का पूर्ण सहयोग दिया है। बावजूद इसके 200 मीटर सड़क बनने के पश्चात कार्य ठप पड़ा हुआ है। उन्होंने उपायुक्त संदीप कदम से मांग की है कि इस सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाया जाए। इस पर उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Related posts