
चंबा। शिक्षा उप निदेशक के आदेशों को ठेंगा दिखाने वाले स्कूल प्रमुखों को एक बार फिर विभाग ने चेतावनी जारी की है। जब स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया का दौर शुरू हुआ तो उच्च शिक्षा उप निदेशक की ओर से सभी सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूलों के प्रमुखों से विद आधार कार्ड और विदाउट आधार कार्ड छात्रों की एडमिशन की डिटेल मांगी गई थी। हैरत है कि आज तक स्कूल प्रमुखों की ओर से शिक्षा विभाग की ओर से मांगी गई सूचना प्रेषित नहीं की गई। स्कूलों में एडमिशन हुए तीन माह बीत गए हैं। स्कूल प्रमुखों ने आधार कार्ड और बिना आधार कार्ड वाले छात्रों की सूची नहीं भेजी है। विभाग की ओर से बार-बार स्कूल प्रमुखों को सूचित किया गया। बावजूद इसके महज आधा दर्जन स्कूलों के प्रमुखों ने ही विभाग को सूचना भेजी। वर्तमान में जिले में 176 के करीब सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूल चल रहे हैं। इनमें से 170 के करीब स्कूलों के मुखिया शिक्षा उपनिदेशक के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए डिटेल देने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश जारी किए हैं कि तीन दिन के भीतर विभाग की ओर से मांगी गई सूचना को शिक्षा उप निदेशक कार्यालय को प्रेषित करें। ऐसा न करने वाले स्कूल प्रमुखों पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
