समूर में ट्रक टकराए, पांच गंभीर जख्मी

ऊना। जिला मुख्यालय की समीपवर्ती ग्राम पंचायत समूर खुर्द में रविवार दो ट्रक आपस में भिड़ गए। हादसे में पंजाब के होशियारपुर जिले की दो महिलाओं सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के फौरन बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। बाद में उनके परिजन उन्हें दसूहा ले गए। पुलिस ने भी हादसे के संदर्भ में तहकीकात आरंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात पंजाब के होशियारपुर जिले की दसूहा तहसील के समीपवर्ती मुंडियां गांव के कुछ श्रद्धालु शाहतलाई से माथा टेककर वापस ऊना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान समूर खुर्द में हाइवे पर एक मवेशी का शव पड़ा था। सामने से आ रहे ट्रक की लाइट के चलते चालक को मवेशी नहीं दिखा, लेकिन पास पहुंचने पर जब उसे इसका पता चला तो उसने ट्रक को दूसरी ओर मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वह सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में दो महिलाओं सहित पांच लोग जख्मी हो गए हैं। घायलों में तीर्थ राम पुत्र कर्म चंद, सुरेंद्र कुमार पुत्र तीर्थ राम, परमजीत सिंह पुत्र पोला राम, रविंद्र कौर पत्नी अशोक सिंह और महेंद्र कौर पत्नी तीर्थ राम शामिल हैं। सभी घायलों को गंभीर हालत में ऊना से रेफर करने के बाद उनके परिजन उन्हें दसूहा ले गए हैं।
एसएचओ बंगाणा रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है।

Related posts