
टाहलीवाल (ऊना)। ऊना में दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के बाथड़ी में सोमवार को पेश आए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई है, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। ं
संजीव कुमार पुत्र राम कृष्ण निवासी कुठार बीत कार नंबर पीबी 01ए 1044 में बाथड़ी से टाहलीवाल की तरफ आ रहा था। इसी दौरान उसके पीछे आ रही बाइक नंबर एचपी 54ए 6166 के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास कर डाला। इसी दौरान बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक कार से जा टकराई। इसमें बाइक चालक विनोद पासवान पुत्र जिया पासवान निवासी अरेराज जिला मोतीहारी (बिहार) घायल हो गया, जबकि धनी लाल पुत्र नागा पासवान निवासी सनोरिया जिला मोतीहारी (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल विनोद पासवान को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां से नाजुक हालत के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। दोनों बाइक सवार क्षेत्र के एक उद्योग में कार्यरत बताए गए हैं। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के हवाले कर दिया है, जबकि मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है। उधर, जिला मुख्यालय की समीपवर्ती ग्राम पंचायत समूर खुर्द में रविवार दो ट्रक आपस में भिड़ गए। हादसे में पंजाब के होशियारपुर जिले कीदो महिलाओं सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के फौरन बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। बाद में उनके परिजन उन्हें दसूहा ले गए।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात पंजाब के होशियारपुर जिले की दसूहा तहसील के मुंडियां गांव के कुछ श्रद्धालु शाहतलाई से माथा टेककर वापस ऊना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान समूर खुर्द में हाइवे पर एक मवेशी का शव पड़ा था। सामने से आ रहे ट्रक की लाइट के चलते चालक को मवेशी नहीं दिखा, लेकिन पास पहुंचने पर जब उसे इसका पता चला तो उसने ट्रक को दूसरी ओर मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वह सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में दो महिलाओं सहित पांच लोग जख्मी हो गए हैं। घायलों में तीर्थ राम पुत्र कर्म चंद, सुरेंद्र कुमार पुत्र तीर्थ राम, परमजीत सिंह पुत्र पोला राम, रविंद्र कौर पत्नी अशोक सिंह और महेंद्र कौर पत्नी तीर्थ राम शामिल हैं। सभी घायलों को गंभीर हालत में ऊना से रेफर करने के बाद उनके परिजन उन्हें दसूहा ले गए हैं। एसएचओ बंगाणा रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है।
समूर में ट्रक टकराए, पांच गंभीर जख्मी
सभी घायल पंजाब के होशियारपुर जिले के निवासी
सभी घायलों को दसूहा ले गए परिजन
पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन
