
अंब (ऊना)। उपमंडल के हंबोली पंचायत कार्यालय में एक व्यक्ति ने नशे में धुत होकर जमकर हुड़दंग मचाया। हद तो तब हो गई, जब व्यक्ति ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ गाली गलौच कर डाली। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को पंचायत निवासी दल सिंह नशे में धुत होकर पंचायत में आ घुसा। देखते ही देखते उसने पंचायत कार्यालय के कुछ चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया, जिससे पंचायत का माहौल काफी गर्मा गया। इसी दौरान किसी ने सारे प्रकरण की शिकायत पुलिस का दे दी। इसके तुरंत देर बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर आरोपी को गिरफ्तार किया। एसएचओ ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने हुड़दंग मचाने के आरोप में हंबोली के एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 107-51 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
