
बडूही (ऊना)। क्षेत्र की शिवालिक पहाड़ियों में स्थित प्रसिद्ध ध्यूंसर महादेव मंदिर तलमेहड़ा में श्रावण मास के आगमन पर मंदिर कमेटी की ओर से पूरा माह चलने वाले मेलों में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं पहले सोमवार की पूर्व संध्या पर भारी संख्या में भोले के भक्तों ने मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू कर दिया था। भोले के भक्तों ने बम बम भोले के जयघोषों से पूरी शिवालिक पहाड़ियों को गुंजायमान किए रखा। वहीं चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के विधायक कुलदीप कुमार ने भी ध्यूंसर महादेव पहुंच कर शीश नवाया एवं भोले बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर कमेटी के प्रधान प्रवीण शर्मा व उपप्रधान मेजर रघुवीर सिंह ने विधायक को सिरोपा एवं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। रविवार रात भव्य जागरण का आयोजन किया गया। इसमें पंडित अमर नाथ शर्मा और पार्टी ने भजनों तथा शिव महिमा का गुणगान किया। मंदिर कमेटी के प्रधान प्रवीण शर्मा ने बताया कि मंदिर की सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में 14 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मेलों के दौरान शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस के जवानों को भी तैनात किया गया है और श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसके लिए काफी संख्या में सेवकों को तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सेवा का मुफ्त प्रबंध किया गया है। इसमें डा. सुरेश गर्ग और डा. वरुण गर्ग ने अपनी टीम सहित श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवा रहे हैं। इस अवसर पर पंकज कुमार, डा. रविंद्र शर्मा, राकेश कुमार, अशोक शर्मा, रमेश शर्मा, पूर्ण शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
