रोहडू-जुब्बल में बत्ती गुल, कामकाज ठप

रोहडू। उपमंडल रोहडू तथा जुब्बल के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार रात से बत्ती गुल है। 66 केवी की मुख्य लाइन टूटने के कारण बिजली गायब है। बिजली सप्लाई बाधित होने से सोमवार को दिन भर सरकारी तथा गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा।
सुंगरी के समीप 66 केवी की मुख्य लाइन टूटने के कारण रोहडू तथा जुब्बल क्षेत्र में बिजली सप्लाई रविवार रात साढ़े नौ बजे ही ठप हो गई थी। बिजली सप्लाई सोमवार शाम तक भी बहाल नहीं हो पाई थी। हालांकि, विद्युत बोर्ड की टीम सोमवार को दिन भर लाइन जोड़ने का कार्य करती रही। बिजली सप्लाई ठप होने के कारण सरकारी तथा गैर सरकारी कार्यालयों में दिन भर कामकाज प्रभावित रहा। दूरदराज क्षेत्रों से अपने कार्यों के लिए तहसील मुख्यालय पहुंचे लोगों को भी निराश लौटना पड़ा। कंप्यूटर शिक्षण संस्थानों सहित स्थानीय दुकानदारों के कामकाज पर भी असर पड़ा। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता ओम प्रकाश नरयाल ने बताया कि सुंगरी के समीप 66 केवी की मुख्य लाइन टूट गई है। इससे रविवार रात को ही बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। लाइन जोड़ने के लिए टीम मौके पर पहुंच गई है। सोमवार देर शाम तक बिजली सप्लाई बहाल होने की संभावना है।

Related posts