
तीसा (चंबा)। क्षेत्र की सेईकोठी पंचायत के आधा दर्जन गांवों में पांच दिन से बिजली नहीं है। इस कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रातें गुजारनी पड़ रही हैं। जानकारी के मुताबिक औला गांव के पास लगा बिजली बोर्ड का ट्रांसफार्मर जल गया है। इस कारण औला, गुंगीयास, ज्यूंठ, कोढला और मिंयूड गांवों में पांच दिन से बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली न होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी चमन सिंह, ठाक रू राम, रूप सिंह, चतरो राम, लेख राज, दीप राज, सागर सिंह, पूर्ण चंद, रसालू राम, देस राज, कर्म चंद, चुनी लाल और हेम राज ने बताया कि बिजली न होने के कारण स्कूल और कालेज के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, गृहणियों को रात का खाना और अन्य काम निपटाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि जल्द इन गांवों में बिजली की आपूर्ति बहाल की जाए। इस संबंध में बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अश्विनी कुमार ने बताया ट्रांसफार्मर जलने के कारण क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति ठप हुई है। उन्होंने कहा कि नया ट्रांसफार्मर मंगवाया गया है। दो दिन के भीतर बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
