फसल को मंडी तक पहुंचाने में खप जाती है कमाई

भरमौर (चंबा)। भरमौर पंचायत के आधा दर्जन गांव आज तक सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जानकारी के मुताबिक सदर पंचायत के गुसण, खरीया, गुआ, तरीहा, धरकोता और सैरी गांवों को आजादी के 66 साल बाद भी सड़क नसीब नहीं हो पाई है। सड़क सुविधा न होने के कारण क्षेत्र की एक हजार के करीब आबादी प्रभावित हो रही है। स्थानीय निवासी संजीव, केवल, तिलक, संजय, नरेश, सुनील, पंकज, अनु, रवि, कैलाश और संसार ने बताया कि सड़क न होने के कारण नकदी फसलों को मंडी तक पहुंचाने में भारी परेशानी होगी है। उन्होंने कहा कि मुनाफे का आधा हिस्सा तो भाड़े में ही चला जाता है। इसके अलावा अगर कोई बीमार पड़ जाए तो उसे पीठ पर उठाकर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना पड़ता है। यही नहीं ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान पीठ पर या घोड़े पर उठाकर लाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से कई बार ग्रामीण सड़क सुविधा की मांग कर चुके है, लेकिन आज तक सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इन गांवों को जल्द सड़क सुविधा से जोड़ा जाए। उधर, स्थानीय पंचायत के प्रधान शिवचरण कपूर ने बताया कि वे ग्रामीणों की इस समस्या को जल्द वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी के समक्ष रखेंगे।

Related posts