पार्टी के नशे ने पहुंचाया थाने

पंचकूला: जन्मदिन के नशे में धुत चार युवकों ने पहले तो तेज रफ्तार गाड़ी से बाइक सवार को टक्कर मारी, फिर जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने गाड़ी पुलिस कर्मियों पर चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान भागने की कोशिश में उनकी गाड़ी एक खंभे से टकरा गई। पुलिस ने इन युवकों को सैक्टर-5 से काबू किया।

जानकारी के अनुसार सैक्टर-20 निवासी बी.टैक. के छात्र करण प्रताप का रविवार को जन्मदिन था। जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए उसने अपने 3 दोस्त रविराज बलटाना, शुभम, जश्न को बुलाया। इन्होंने सैक्टर-5 के अहाते पहले तो जमकर शराब पी और फिर अहाते के मालिक से भिड़ गए और उसे पीट दिया। 

विवाद बढऩे पर इन्होंने एक-दूजे पर पत्थर भी बरसाए जिसके चलते आसपास के दुकानदारों ने दुकानें भी बंद कर दीं। अहाते के मालिक ने पुलिस को सूचित किया व पुलिस को आते देख चारों युवक कार में फरार हो गए। फरार हुए इन युवकों ने पहले तो सैक्टर-5 के सिटी सैंटर में ही एक बाइक सवार गौरव को टक्कर मारी जिसमें गौरव को गंभीर चोटें आईं और उसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। 

युवकों ने पुलिस कर्मियों पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। युवक कार को शहर की सड़कों पर दौड़ाया, जब कार हैफेड बिल्डिंग के पीछे पहुंची तो कार का संतुलन बिगड़ गया और कार फुटपाथ पर चढ़ गई और खंभे टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने चारों युवकों में से 2 करण प्रताप व रविराज को गिरफ्तार कर लिया जबकि शुभम, जश्न फरार हो गए।

सैक्टर 5 थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। 2 युवकों को काबू कर लिया है, वहीं सैक्टर-15 निवासी घायल गौरव का सैक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन है।

Related posts