श्रीखंड यात्रा पर गए एक और श्रद्धालु की मौत

कुल्लू / रामपुर बुशहर। श्रीखंड यात्रा पर गए एक और श्रद्धालु की मौत हो गई है। पिछले दस दिन के भीतर श्रीखंड यात्रा पर गए यह तीसरे श्रद्धालु की मौत हुई है। गुजरात निवासी इस श्रद्धालु की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने बताया कि श्रद्धालु की शिनाख्त गुजरात के अहमदाबाद शहर के प्रह्लादनगर निवासी निरंजन नर्मदा (67) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु की मौत श्रीखंड दर्शन कर लौटते समय भीमबही के पास हार्ट अटैक से हुई है। निरंजन की मौत की सूचना साथ गए दो श्रद्धालुओं ने दी। पुलिस दल मौके पर पहुंच गया है और शव को निरमंड लाया जा रहा है। लेकिन चार लोगों को शव लाने में परेशानी आ रही थी इसलिए आठ और लोगों को भेजा जा रहा है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
श्रीखंड यात्रा के दौरान दस दिनों के भीतर तीसरे व्यक्ति की मौत हो गई है। इससे पहले वहां गए ननखड़ी के एक युवक की तेरह जुलाई को मौत हो गई थी। जबकि सोलह जुलाई को भाजपा के आईटी सेल के प्रदेश संयोजक चेतन कुठियाला की मौत भी पार्वती बात के पास हुई थी।

Related posts