
काईस (कुल्लू)। श्रावण माह की शुभ बेला पर ऐतिहासिक धार्मिक स्थल बिजली महादेव में श्रद्धालुओं का तांता लग गया है। हर रोज मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लेकिन, सड़क की हालत खस्ता होने के कारण श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को बिजली महादेव गए महाराष्ट्र निवासी अनिल, रावत, अंजली, राजस्थान निवासी आशुतोष, प्रदीप, राजेंद्र गौरी ने बताया कि वे पहली बार भोले बाबा के दरबार में पहुंचे हैं। बिजली महादेव में पहुंचकर उन्हें आध्यात्मिक सकून मिला है। सड़क की हालत खस्ता होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। लगभग डेढ़ घंटे की पैदल चढ़ाई में श्रद्धालु भोले बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढे़ तो उनका जोश भी बढ़ गया। शिमला निवासी रोहित, अनिल, सुनील कुमार ने कहा कि उन्हें भी बिजली महादेव में दर्शन कर काफी सकून मिला।
