मोटरसाकिल सवार ने टक्कर मारी

ऊना। क्षेत्र के जोगीपंगा में रविवार को पेश आए सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को रौंद डाला, जबकि खुद भी वह बाइक से गिरकर बुरी तरह घायल हो गया है। दोनों को घायलवास्था में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया है, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार आरंभ कर दिया है।
वहीं बंगाणा पुलिस ने भी मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। ऊना से हमीरपुर की ओर ट्रक लेकर जा रहा चालक रविंद्र सिंह पुत्र कृष्ण चंद निवासी कुठार बीत हरोली जोगीपंगा में एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुका। खाना खाने के बाद जब वह वापस ट्रक की ओर जा रहा था तो उसी समय सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उसे रौंद डाला, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे में खुद बाइक चालक कृष्ण चंद पुत्र खजान सिंह निवासी प्लाहटा हरोट तहसील बंगाणा भी बुरी तरह घायल हो गया है। स्थानीय लोगाें की मदद से दोनों घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया है। जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। बंगाणा के एसएचओ रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts