
फगवाड़ा (मुकेश): रेलवे स्टेशन पर यात्री वर्ग को बैठने की सीटें कम होने के कारण ट्रेनों का इंतजार करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ता है। फगवाड़ा के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक का साइज लगभग 814 मीटर लंबा है ऐसे में जितनी कुर्सियां मुसाफिरों के बैठने हेतु चाहिएं वे उपलब्ध न होने से यात्री वर्ग को काफी परेशानी से रू-ब-रू होना पड़ता है।
दिलचस्प पहलू यह भी है कि प्लेटफार्म एक पर लगी कई कुर्सियां (क्षतिग्रस्त) टूटी हालत में हैं दूसरी तरफ रेल प्रशासन का इस बाबत कार्रवाई का न करना साफ दर्शाता है कि रेल विभाग यात्रियों को सहूलियतें प्रदान करने में पूरी कंजूसी दिखाता है।
पता चला है कि पिछले दिनों इलाके की सांसद संतोष चौधरी ने भी शीघ्र कुर्सियां लगवाने का आश्वासन दिया था मगर आज भी कई यात्रियों के बैठने की कुर्सियां क्षतिग्रस्त हैं। इस गंभीर मसले पर फगवाड़ा रेलवे स्टेशन के स्टेशन सुपरिंटैंडैंट भूषण नंदवानी से बात हुई तो उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान करवाने हेतु रेलवे आलाकमान को पुन: कह दिया जाएगा।
