11 दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली

कपूरथला (भूषण): 11 दिन बीतने के बाद भी तलवंडी चौधरियां थाने की हवालात की छत तोड़कर फरार हुए 3 लुटेरों को पकडऩे में जिला पुलिस पूरी तरह नाकाम रही है।

फरार हुए उक्त लुटेरों के प्रदेश से बाहर भाग जाने की संभावनाओं के मद्देनजर अब ऐसा प्रतीत होता है कि मामले का नतीजा भी शायद पिछले साल अगस्त महीने में फगवाड़ा के रावलपिंडी थाने से हुए जाली करंसी मामले में शामिल आरोपियों के फरार होने जैसा ही होगा।

गौरतलब है कि करीब 11 दिन पहले थाना तलवंडी चौधरियां में प्रोडैक्शन वारंट पर लाए गए 3 खतरनाक लुटेरे जिनमें 2 भगौड़े फौजी भी शामिल थे, थाना की हवालात तोड़कर फरार हो गए थे। जिसके बाद जिला पुलिस में भारी अफरा-तफरी मच गई थी। जिसके बाद आनन-फानन में एस.एस.पी. इन्द्रबीर सिंह ने तत्कालीन एस.एच.ओ. तलवंडी चौधरियां सहित कई पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था।

जिसके बाद पुलिस टीमों ने प्रदेश के कई स्थानों पर जबरदस्त छापेमारी के दौरान आरोपियों के कई रिश्तेदारों के खिलाफ उनको पनाह देने का मामला दर्ज किया था लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा था। जिसके बाद इस पूरा मामले में जिला पुलिस की कार्रवाई भी काफी ठंडी पड़ गई। पुलिस महकमे में चर्चा है कि आरोपी शायद पंजाब से दूर कहीं दूसरे प्रदेश में भाग गए हैं। जिस कारण पुलिस अब ज्यादा मेहनत नहीं कर रही है।

यदि वर्तमान में पुलिस की कार्रवाई पर नजर डाली जाए तो इस मामले में पुलिस के हाथ ऐसा कोई सुराग नहीं है, जिसके दम पर आरोपियों को पकडा़ जा सके। जिसके कारण यह मामला भी फाइलों की धूल में चला गया है। इस संबंध में संपर्क करने पर एस.एस.पी. इन्द्रबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Related posts