मणिमहेश यात्रियों का होगा पंजीकरण

भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर उपायुक्त संदीप कदम ने शनिवार को भरमौर में अधिकारियो के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि मणिमहेश यात्रा के लिए आने वाले यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही कानून व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर नाइट विजन कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार मणिमहेश यात्रा की आधिकारिक अवधि 28 अगस्त से 13 सितंबर होगी। उपायुक्त ने सभी विभागों को यात्रा से 10 दिन पहले सभी प्रबंध पूर्ण करने के निर्देश जारी किए हैं। यात्रा के दौरान कानून एवं परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसपी बीएम शर्मा ने बताया कि चंबा से मणिमहेश डल झील को विभिन्न सेक्टरों में बांटा जाएगा। साथ ही जगह-जगह पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शांदी मोड़ से लेकर हड़सर तक नौ पार्किं ग जोन घोषित किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि हड़सर से डल झील तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से आठ स्थानों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा धनछौ, गोरीकुंड और मणिमहेश डल झील में पर्वतारोहण विभाग की ओर से बचाव एवं 1500 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से भरमौर, हड़सर, धनछौ एवं मणिमहेश डल झील में सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। साथ ही भरमौर में मीडिया सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। बैठक के दौरान आईपीएच विभाग के अधिकारी ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर हड़सर से मणिमहेश डल झील के विभिन्न पड़ावों पर पेयजल की व्यवस्था संपूर्ण कर ली जाएगी। बैठक में एडीएम संदीप कुमार ने भरमौर प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि लंगरों को अनुमति देने से पहले शौचालय और सफाई व्यवस्था के लिखित दिशा निर्देश अवश्य दें। इस अवसर पर एसडीएम भरमौर जितेंद्र कंवर और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts