पुलिस ने लिए दोनों पक्षों के बयान

सिहुंता (चंबा)। जेई पर दराट से हमला करने के मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, पीडब्ल्यूडी के स्थानीय एसडीओ ने भी अपने अधिकारी पर हमला करने की शिकायत पर आरोपी श्रमिक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए अधिशासी अभियंता को अनुसंशा करने का निर्णय लिया है। ज्ञात रहे कि शुक्रवार को लोनिवि के जेई रंजीत सिंह राणा ने पुलिस और अपने एसडीओ को लिखित शिकायत दी थी कि शुक्रवार को जब उन्होंने समोट-बिन्ना मार्ग पर तैनात चार श्रमिकों के कार्य की जांच के बाद उनसे जवाब तलबी की तो एक श्रमिक ने उन पर दराट से हमला कर दिया। वहां मौजूद मेट किशन चंद और गाड़ी के क्लीनर वीरेंद्र सिंह ने उसे बीच बचाव कर पकड़ा। इस पर पुलिस ने शनिवार को दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं । अन्य प्रत्यक्षदर्शियाें के बयान भी दर्ज किए जाएंगें। उधर, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अशोक कौंडल ने बताया कि जेई की शिकायत पर वे अपनी रिपोर्ट डलहौजी स्थित अधिशासी अभियंता को भेजेंगे। आरोपी श्रमिक पर अगली कार्रवाई अधिशासी अभियंता की ओर से ही की जाएगी। उधर, पुलिस चौकी प्रभारी नरुप सिंह गुलेरिया ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सभी पक्षों के बयानों के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Related posts