अंधेरा होते ही बुझ गए दो घरों के चिराग

बंजार/कुल्लू। औट-लुहरी राज्य मार्ग पर शुक्रवार देर शाम को हुए हादसे में दो घरों के चिराग बुझ गए। दो युवकों की मौत से बंजार घाटी में मातम पसरा हुआ है। हादसे में आठ अन्य घायल हुए हैं। घायलों का उपचार बंजार अस्पताल में चल रहा है। डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि 10281 फुट ऊंचे जलोड़ी जोत के पास हुए इस हादसे में चालक सहित 10 लोग सवार थे। इसमें घनश्याम (19) पुत्र थली राम गांव कुटाहाची जिभी की मौके पर ही मौत हो गई थी। चालक ध्यान सिंह (20) पुत्र मान दास निवासी गांव लटीपरी ने बंजार को ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायलों को जलोड़ी दर्रा में व्यवसाय करने वाले लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस से बंजार अस्पताल पहुंचाया। वाहन में सवार सभी लोग देवलु थे। यह देवता शेषनाग जिभी के साथ करसोग गए थे। देवता का दौरा संपन्न होने पर यह लोग आनी से सूमो में सवार होकर घर आ रहे थे। लेकिन देर शाम होने तथा दर्रा के आसपास धुंध रहने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। एसडीएम बंजार वीरेंद्र शर्मा तथा नायब तहसीलदार एमएल भार्गव ने बंजार अस्पताल में आकर घायलों का हाल चाल जाना। मृतकों के परिजनों को को फौरी राहत के रूप में 10-10 हजार और गंभीर रूप से घायलों को 5-5 हजार तथा अन्य घायलों को दो-दो हजार की राहत राशि प्रदान की है। घायलों में रॉकी (19) पुत्र हेत राम निवासी चैहणी, लगन चंद पुत्र ओम प्रकाश गांव कुटाहाची जिभी (21), संदीप कुमार पुत्र भाग सिंह गांव जिभी (19), सोहन चंद पुत्र खेवा राम गांव कुटाहाची जिभी, चेतन उर्फ बवलू पुत्र अमर सिंह गांव रशाला जिभी, टेक सिंह पुत्र बहादुर सिंह, लोत राम (24) पुत्र हरी राम गांव कुटाहाची और समीन पुत्र यासीन निवासी मुज्जफरनगर शामिल है।

दो माह पहले ही हुई थी शादी
जलोड़ी जोत पर हुआ हादसा ध्यान सिंह के परिवार को गहरे जख्म दे गया है। ध्यान सिंह अपनी चार बहनों में अकेला भाई था। यही नहीं दो माह पूर्व ही ध्यान सिंह की शादी भी हुई थी। ध्यान सिंह की पत्नी के हाथों से अभी शादी की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा है लेकिन मौत सुहाग को छीन ले गई।

Related posts