पीरड़ी में कूड़ा संयंत्र विवाद सुलझा

कुल्लू। पीरड़ी गांव में कूड़ा संयंत्र को लेकर छह दिन से चल रही हड़ताल शनिवार को खत्म हो गई। गांव के लोगों और महिलाओं ने कूड़ा संयंत्र केंद्र को जाने वाला रास्ता खोल दिया है। लोगों का आरोप था कि यहां पर इस केंद्र की सही ढंग से देखभाल न होने के कारण भारी मात्रा में गंदगी फैल गई है। इससे खफा लोगों ने कूड़ा संयंत्र को जाने वाला रास्ता बंद कर दिया था।
ग्रामीण यहां पर छह दिन से हड़ताल पर थे। शनिवार को नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष एवं प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के सदस्य मनु शर्मा के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों, नगर परिषद और प्रशासन के बीच समझौता हो गया। मनु शर्मा ने कहा कि अब लोगों को कूड़ा संयंत्र केंद्र से कोई भी शिकायत नहीं आएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कूड़ा संयंत्र की मानिटरिंग के लिए एक कमेटी का गठन किया जा रहा है। कमेटी में जिला प्रशासन से एक, नग्गर परिषद से एक, स्थानीय पंचायत से एक और गांव से एक सदस्य शामिल किया है। यह कमेटी समय-समय पर यहां पर जांच करेगी। नगर परिषद और सरकार हमेशा जनता के साथ है। जनता को किसी भी तरह की असुविधा नहीं आने दी जाएगी।

Related posts