पोते ने दादा को उतारा मौत के घाट

कुल्लू। बंजार में एक पोते ने अपने ही दादा का बेरहमी से कत्ल कर दिया। वारदात शुक्रवार रात की बताई जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार बंजार के साथ लगते बाहु क्षेत्र के गरशाऊं गांव में ओम प्रकाश ने अपने दादा ठाकुर दास को तेज हथियार से मौत के घाट उतार दिया। मृतक की उम्र 70 साल बताई जा रही है। हत्या की घटना से पूरी बंजार घाटी में दहशत है।
पुलिस के अनुसार पोते और दादा के बीच में किसी बात को लेकर लड़ाई झगड़ा रहता था। लेकिन किसी को यह मालूम नहीं था कि एक दिन लड़ाई का अंजाम कत्ल तक पहुंच जाएगा। पुलिस ने मौके पर जाकर ठाकुर दास के शव को कब्जे में ले लिया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को दादा और पोते में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर पोता ओम प्रकाश तैश में आ गया और अपने दादा की छाती पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में ठाकुर दास मौके पर ही ढेर हो गया। शनिवार सुबह जब आरोपी की मां अपने ससुर को चाय देने गई तो ससुर का लहूलुहान शव देख दंग रह गई।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने कहा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी युवक को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की छानबीन एसएचओ चिंतराम को सौंपी है।

Related posts