
ऊना। क्षेत्र के बैरियां में एक महिला के साथ रास्ता रोक कर मारपीट की गई। वारदात में महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे मेडिकल एवं उपचार के लिए बंगाणा स्थित अस्पताल ले जाया गया है। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कश्मीरी देवी पत्नी खुशी राम निवासी बैरियां ने शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार सायं जब वह बैरियां स्थित अपने खेत से घास काट कर वापस घर आ रही थी तो अशोक कुमार पुत्र रतन चंद निवासी बैरियां ने उसका रास्ता रोक लिया, जबकि उसका विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323 और 504 के तहत केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
