प्रापर्टी हड़पने को बनाई फर्जी बहन

ऊना। जायदाद को लेकर रिश्तों को तार-तार करना फैशन बनता जा रहा है। मात्र संपत्ति हड़पने के लिए लोग सगे रिश्तों को रौंदकर उनकी जगह नए रिश्ते बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला स्थानीय तहसील में सामने आया है। इसमें मैहतपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति की जायदाद की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने नाम करवाने के लिए फर्जी बहन को पेश कर दस्तावेज बनवा लिए गए। इस काम को अंजाम देने में न सिर्फ आरोपी और उसकी नकली बहन ने भूमिका अदा की है, बल्कि राजस्व विभाग से संबद्ध कुछ बाहरी लोगों ने भी पूरा सहयोग दिया है। बहरहाल, मामले की असली बहन को इस बात का पता चलते ही उसने न केवल इस पर आपत्ति दर्ज करवाई है, बल्कि उसने पुलिस को भी मामले के संदर्भ में शिकायत सौंप दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहतपुर कस्बे के साथ सटे गांव के एक व्यक्ति ने पुश्तैनी जमीन में अपनी बहन का हिस्सा हड़पने के चक्कर में फर्जी बहन को तहसील में खड़ी कर पावर ऑफ अटॉर्नी बनवा ली, लेकिन जल्द ही आरोपी की बहन को इसका पता चल गया और उसने इस संदर्भ में तहसील कार्यालय में आपत्ति दर्ज करवा दी। इसके साथ ही उसने पुलिस को भी मामले के संदर्भ में शिकायत सौंप दी है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले के संदर्भ में छानबीन कर रही है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

Related posts