दोफदा में बादल फटा, चालक समेत बहा ट्रक

ज्यूरी (शिमला)। विकास खंड रामपुर की दोफदा पंचायत में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। बादल फटने के बाद उच्ची नाले में आई भयंकर बाढ़ में एक ट्रक चालक समेत बह गया। बाढ़ से रतनपुर-दोफदा सड़क करीब डेढ़ सौ मीटर क्षतिग्रस्त हो गई है। बगीचों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब एक बजे उच्ची नाले में ऊंचाई पर जोरदार धमाका हुआ और फिर नाले ने एकाएक उग्र रूप धारण कर लिया। भारी मात्रा में पानी आने से दोफदा पंचायत के शाह गांव के समीप सेब की पेटियां लेने आया ट्रक एचपी 62ए-7594 चालक समेत बह गया। चालक का नाम मोनू बताया जा रहा है। ट्रक और चालक दोनों के बारे में कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस को सिर्फ मंगलाड खड्ड के पास ट्रक का चक्का मिला है। बाढ़ के पानी में रतनपुर-दोफदा सड़क लगभग 150 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गई है। सूचना मिलने पर एसडीएम दलीप नेगी ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि लापता ट्रक चालक की जोरशोर से तलाश की जा रही है।
चट्टानें गिरने से सात मकान क्षतिग्रस्त
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले की यांग्पा पंचायत के हुरी गांव के कलापी के पास विशालकाय चट्टानें खिसकने से सात मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से तीन मकान चट्टानों के नीचे दब गए हैं। एसडीएम भावानगर सुदेश कुमार मोक्टा ने बताया कि राजपति, हरि सिंह, शक्ति सिंह, भगवान सिंह, जयपाल सिंह, हर सिंह, भीष्म सिंह के मकानों को क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे चट्टानें खिसकीं। उस समय इन घरों में कोई नहीं था। इसलिए बड़ा हादसा टल गया। लेकिन, अगर चट्टानें रात को खिसकतीं तो बड़ा नुकसान हो जाता। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन करवाया जा रहा है। प्रभावितों को कंबल और तिरपाल दिए गए हैं। इसके अलावा उन्हें खाद्य सामग्री भी दी जा रही है।

Related posts