दिल्ली में नियम तोड़ती हैं हरियाणा रोडवेज की बसें?

चंडीगढ़: हरियाणा की सरकारी बसें दिल्ली की सड़कों से एक बार फिर दूरी बनाने की राह पर हैं। यातायात नियमों की अनदेखी के लिए जहां दिल्ली पुलिस ने जुर्माना लगाया है वहीं इसके जवाब में हरियाणा रोडवेज की बसों के चालक और कर्मचारी दिल्ली की परिधि में बस चलाने के प्रति उदासीन हो गए हैं। रोडवेज के कर्मचारियों ने पिछले महीने हरियाणा की बसों को दिल्ली में प्रवेश नहीं कर विरोध जता चुके हैं और जुलाई में एक बार फिर तीन दिनों की हड़ताल पर हैं।

इस हड़ताल की वजह दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों को कई ट्राफिक टिकट जारी किया जाना है। यह मुद्दा हरियाणा में गंभीर रुख अख्तियार कर चुका है। राज्य के महानिदेशक (राज्य परिवहन) अरुण कुमार को इस मुद्दे का हल निकालने के लिए रोडवेज कर्मचारी संघ के साथ बैठक करने पर बाध्य होना पड़ा।

पिछले सप्ताह हुई एक बैठक में अरुण कुमार ने साफ किया कि दिल्ली पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक टिकटों के एवज में हरियाणा सरकार भुगतान नहीं करने जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संगठन की ट्रैफिक टिकटों का भुगतान संबंधित चालक द्वारा नहीं, बल्कि हरियाणा सरकार द्वारा किए जाने की मांग मानना संभव नहीं है।

अरुण कुमार ने बैठक में कथित रूप से कहा, ‘‘राज्य सरकार यातायात नियमों के उल्लंघन को प्रोत्साहित नहीं कर सकती। सुरक्षित संचालन चालक लाइसेंस की पूर्व शर्त है जिसका पालन किया जाना अनिवार्य है।’’ अधिकांश ट्रैफिक टिकट अत्यधिक तेज गति, गलत जगह पर पार्किंग, रेड लाइट तोडऩे और लापरवाही से वाहन चलाने के लिए जारी किए गए हैं।

Related posts