मालरोड के दो रेस्टोरेंट का बिजली-पानी कटेगा

शिमला। मालरोड पर दो प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट का बिजली-पानी काटा जाएगा। दोनों रेस्टोरेंट बिना पंजीकरण के ही चलाए जा रहे थे। पर्यटन विभाग ने वीरवार को मालरोड पर 14 बार और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। मालरोड पर व्यवस्थाएं ताक पर रख कर बार एवं रेस्टोरेंट चलाए जा रहे हैं। नियमों कानूनों की परवाह किए बिना बार एवं रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा है। पर्यटन विभाग के इंस्पेक्टर (होटल) रवि धीमान की अगुवाई में विभाग की टीम ने वीरवार को मालरोड पर रेस्टोरेंट तथा बार का निरीक्षण कर 8 का चालान किया। इन बार तथा रेस्टोरेंट पर किचन में गंदगी और बिना अप्रूव किए मेन्यू का इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की गई है। मालरोड के इन बार तथा रेस्टोरेंट में रोजाना हजारों सैलानी और स्थानीय लोग खाने पीने का लुत्फ उठाते हैं। संबंधित बार एवं रेस्टोरेंट पर लाखें रुपये का जुर्माना लगाने की भी तैयारी है। इतना ही नहीं बिना पंजीकरण के चल रहे दो रेस्टोरेंट का बिजली-पानी काटने के लिए नगर निगम को भी लिखा जा सकता है।

भविष्य में भी जारी रहेगी कार्रवाई
पर्यटन विभाग ने औचक निरीक्षण कर 14 बार और रेस्टोरेंट के चालान किए गए हैं। बिना पंजीकरण के चल रहे दो रेस्टोरेंट का बिजली पानी काटने के लिए नगर निगम को लिखा जाएगा। आने वाले दिनों में भी पर्यटन विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी।
– सुरेंद्र जस्टा, उप-निदेशक, पर्यटन विभाग

Related posts