
मुंबई: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मैं हिंदू राष्ट्रवादी हूं’ पोस्टरों पर राजनीति शुरू हो गई है। एनसीपी ने मोदी को ऐसा तेंदुआ बताया जो खुद पर लगे धब्बे नहीं मिटा सकता। एनसीपी प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने मोदी का नाम लिए विना कहा कि तेंदुआ कभी अपने धब्बों को नहीं मिटा सकता। पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, ‘‘शुरूआत में ऐसा लगा था कि उनका अभियान विकास-केंद्रित होगा लेकिन अब साफ हो गया है कि यह कैसा होगा।’’
गौरतलब है कि भाजपा की मुंबई इकाई ने पार्टी की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी के पोस्टर पूरे शहर में लगा दिए हैं जिनमें उन्हें ‘हिंदू राष्ट्रवादी’ और देशभक्त के तौर पर दर्शाया गया है।
जब मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार से पूछा गया कि क्या यह मोदी का कद बहुत बड़ा दर्शाने की कवायद है तो उन्होंने कहा, ‘‘हमने राजनाथजी, आडवाणी जी के लिए अभियान चलाया है और अब मोदी जी के लिए चला रहे हैं। हम अपने सभी नेताओं को मतदाताओं तक पहुंचाएंगे। यही मेरा काम है और यह हम करेंगे। शासन और विकास मुख्य मुद्दे हैं और हम इन पर भी काम करेंगे।’’
