मायावती की मूर्ति तोडऩे वाले के घर पर जानलेवा हमला

मायावती की मूर्ति तोडऩे वाले के घर पर जानलेवा हमला

लखनऊ: राजधानी के गोमतीनगर अम्बेदकर पार्क में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की मूर्ति तोडऩे वाले यू.पी. नव निर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी के हजरतगंज स्थित आवास पर तड़के असलहाधारी दो बदमाशों ने हमला बोल दिया। असलहाधारी बदमाशों ने अमित जानी के सचिव पर तमंचे से गोली चला दी पर वह बाल-बाल बच गए। इस मामले में हजरतगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यू.पी. नव निर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी ने बताया कि हजरतगंज पराग डेरी रोड स्थित मुस्कान अपार्टमैंट में उनका फ्लैट नम्बर 202 है।

फ्लैट में वह और उनके निजी सचिव शिवेन्द्र शुक्ला साथ रहते थे। अमित का कहना है कि गुरुवार की सुबह करीब 4 बजे उसके दरवाजे की डोर बैल बजी। घंटी की आवाज सुनकर सचिव शिवेन्द्र शुक्ला ने दरवाजा खोला। दरवाजे के बाहर दो युवक खड़े थे। दोनों ने शिवेन्द्र से अमित जानी से मिलने की बात कही। इस पर शिवेन्द्र ने सुबह 11 बजे मुलाकात होने की बात कही। बस इसी बीच दरवाजे के बाहर खड़े युवकों ने तमंचा निकाला और शिवेन्द्र पर गोली चला दी। गोली इत्तफाक से शिवेन्द्र को नहीं लगी।

हमले में शिवेन्द्र बाल-बाल बच गए। इसी बीच शिवेन्द्र ने शोर मचा दिया। शोर होते ही हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना हजरतगंज पुलिस को दी गई। शिवेन्द्र पर चलाई गई गोली अमित जानी के फ्लैट में लगी एक तस्वीर में लगी और बैडरूम में जा गिरी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से खोल बरामद कर लिया है और इसकी रिपोर्ट हजरतगंज कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है।

Related posts