
नगवाईं (मंडी)। औट ट्रैफिक टनल के बाहर बुधवार देर शाम हुए हादसे में घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान भूपेंद्र कुमार निवासी कठुआ जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। प्रशासन की ओर से गंभीर रूप से घायलों को दस-दस हजार रुपये और आंशिक रूप से घायलों को पांच-पांच हजार की फौरी राहत दी गई है।
बुधवार देर शाम औट ट्रैफिक टनल के पास दो वाहनों की टक्कर से 13 लोग घायल हो गए थे। जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं में प्राथमिक उपचार के बाद जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। इस हादसे में घायल भूपेंद्र कुमार पुत्र मग्गर सिंह निवासी कठुआ (जम्मू-कश्मीर) की मौत हो गई। बीती रात औट टनल से सैंज जा रही सूमो टनल के पास खड़ी इनोवा गाड़ी से टकरा गई थी। जिसमें 13 लोग घायल हो गए थे। औट थाना के प्रभारी अनिल कुमार ने घायल भूपेंद्र कुमार की मौत होने की पुष्टि की है। उधर, नायब तहसीलदार औट हीरा चंद नलवा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पुष्पा देवी, डोला राम, लुहारी देवी को प्रशासन की ओर से दस-दस हजार की फौरी राहत दी गई है तथा आंशिक रूप से घायल भीम चंद, धनी राम, डोली देवी, चंदे राम, शिवदासी, प्रोमिला को पांच-पांच हजार की फौरी राहत दी गई है। झाबे राम और अनारकली को पीजीआई रेफर किया गया। भूपेंद्र कुमार एचपीपीसीएल कंपनी सैंज में कार्यरत थे और अपने माता-पिता को जम्मू भेजने के लिए बस में बिठाने बस स्टॉप पर आया था।
