
धर्मशाला। शहर में वीरवार शाम मूसलाधार बारिश हुई। इसके चलते शहर की सड़कों पर पानी भर गया। भारी बारिश से सिविल लाइन में संपर्क मार्ग पर पेड़ की एक बड़ी शाखा टूट गई। इसके चलते संपर्क मार्ग पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे हुई बारिश से धर्मशाला शहर की सड़कें पूरी तरह से पानी से तर हो गईं। भारी बारिश व सड़कों में पानी का बहाव ज्यादा हो जाने से वाहनों की आवाजाही भी थम गई। वहीं कांगड़ा घाटी के अन्य इलाकों में जरा भी बारिश नहीं हुई। घाटी के निचले इलाके के लोगों को गरमी से राहत नहीं मिल पाई। पालमपुर व बैजनाथ में भी हलकी बूंदाबांदी ही दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में घाटी में लगातार बारिश होने के आसार हैं।
