
केलांग। लाहौल-स्पीति घूमने घाटी पहुंचे एक विदेशी पर्यटक की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच के बाद डाक्टरों ने इसे हार्ट अटैक बताया है। पुलिस के मुताबिक लद्दाख की एक ट्रेवल एजेंसी के जरिये कुछ विदेशी पर्यटक मोटर बाइक पर मनाली से लेह की तरफ रवाना हुए। वीरवार को लेह जाने से पहले पर्यटकों का यह दल लाहौल के उदयपुर की तरफ रवाना हुआ। केलांग वापस आते समय तांदी डाइट के पास स्विट्जरलैंड के एक पर्यटक को थोड़ी तकलीफ महसूस हुई। वहां से टेलीफोन के जरिये एंबुलेंस को बुलाया और विदेशी को अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में तैनात डाक्टर विनोद शर्मा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के तत्काल बाद विदेशी पर्यटक ने दम तोड़ दिया। विनोद का दावा है कि पर्यटक की मौत हार्ट अटैक से हुई है। घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ लोकेंद्र नेगी घटना स्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। एसपी सुनील कुमार ने बताया कि हार्ट अटैक से मरने वाले पर्यटक की पहचान स्विट्जरलैंड निवासी 59 वर्षीय शेली पीरे रोनाल्ड के रूप में हुई है।
