चौबीस घंटे गेट खुला रहने पर छात्र संघ भड़का

बागेश्वर। राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय का गेट 24 घंटे खुले रहने पर छात्र संघ ने कड़ी नाराजगी जताई है। गुस्साए छात्रों ने जोरदार नारेबाजी के साथ अपने गुस्से का इजहार किया। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गेट पर दो सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करने की मांग की।
डीएम को भेजे ज्ञापन में संघ का कहना है कि इन दिनों आपदा राहत सामग्री कालेज मैदान से हेलीकाप्टर और वाहनों के जरिए भेजी जा रही है। राहत कार्य के चलते कालेज का गेट हर समय खुला रहता है। गेट खुले होने से आवारा जानवरों के अलावा बाहरी लोग भी कालेज परिसर में घुस रहे हैं। जिस कारण यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब नया सत्र शुरू हो गया है। नए सत्र में कालेज गेट पर सुरक्षा कर्मी तैनात करने की मांग की है। इसके अलावा कई विषयों के प्रवक्ताओं के पद खाली चल रहे हैं। जिन्हें भरने की कई बार मांग कर दी है लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा कर्मी और प्रक्ताओं की तैनाती शीघ्र नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष आदर्श कठायत, हिमांशु तिवारी, हेमंत खाती, अंकित नगरकोटी, विनोद कांडपाल, कृष्णा पांडे, पंकज कुमार आदि मौजूद थे।

Related posts