हर विभाग का रिपोर्ट कार्ड तलब

ऊना। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को बचत भवन में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि काम के आधार पर ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मूल्यांकन होगा और किसी भी स्तर पर कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पिछले छह माह में किस विभाग की क्या प्रगति रही है, इस बारे में उद्योग मंत्री ने एक एक अधिकारी से रिपोर्ट कार्ड लिया। उन्होंने कहा कि जिन विभागों के टेंडर लगते हैं, वे समय पर इस प्रक्रिया को अंजाम दें, जिससे विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने जिले में इंडियन आयल डिपो और सीएसडी डिपो स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन को अपनी कवायद तेज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के लिहाज से सीएसडी डिपो का प्रोजेक्ट अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसका मार्ग प्रशस्त करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर ऊना जिले को तीन नई 108 नंबर एंबुलेंस दी जा रही हैं जो ऊना, चिंतपूर्णी एवं हरोली के स्वास्थ्य संस्थानों के लिए हैं। इन्हें मिलाकर जिले में 108 नंबर एंबुलेंस की तादाद नौ हो जाएगी। ऊना अस्पताल में नया पोस्टमार्टम कक्ष भी बनाया जाएगा। उन्होंने टाहलीवाल, बढेडा व झलेड़ा में हाई मास्ट लाइटों के लिए 15 लाख रुपये रिलीज करने की घोषणा की। इस मौके पर डीसी अभिषेक जैन, एसपी केसी शर्मा, एडीसी दर्शन कालिया, एसडीएम धनवीर ठाकुर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा भी मौजूद थे।

Related posts