जूना अखाड़ा निरमंड से छड़ी यात्रा रवाना

आनी (कुल्लू)। ऐतिहासिक श्रीखंड यात्रा के लिए पंच दशनामी जूना अखाड़ा निरमंड से 18वीं छड़ी यात्रा बुधवार को रवाना हो गई। इस यात्रा को एपीएमसी कुल्लू तथा लाहौल के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने रवाना किया।
हर साल की भांति इस वर्ष भी पंच दशनामी जूना अखाड़ा निरमंड की इस विशेष छड़ी यात्रा में देश के विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान छड़ी यात्रा गांव के विभिन्न मंदिरों की परिक्रमा कर बम-बम भोले के जयकाराें के साथ श्रीखंड महादेव के दर्शन के लिए रवाना हुई। छड़ी यात्रा के संयोजक महंत अशोक गिरी ने बताया कि हर साल जूना अखाड़ा की यह विशेष यात्रा का आयोजन होता आ रहा है, जिसमें सैकड़ों लोग शिरकत करते हैं। उन्होंने कहा कि वापसी में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान एपीएमसी अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने श्रीखंड यात्रा को लेकर शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र की सुख समृद्धि के लिए भोले बाबा से प्रार्थना की। उन्होंने यात्रा के सफल आयोजन के लिए सात हजार रुपये दिए तथा अखाडे़ की मरम्मत करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर महंत अशोक गिरी महाराज, नारायण गिरी, राकेश गिरी, स्थानीय छड़ी यात्रा सेवा कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र पाल, महासचिव कुशल राम, बसंत कश्यप, कुलवंत कश्यप, पंकज शर्मा, मुकेश, लोचन देव, डॉ. रमेश, कुलभूषण, चरण दत्त, रोशन कश्यप, पुष्पेंद्र शर्मा सहित कई विभागाें के अधिकारी मौजूद थे।

Related posts