
अमृतसर:भारत में सीधे प्रवेश करने तथा निगाह रखने के लिए पाक सरकार ने चीन को कराकोरम मार्ग (के.टू.) चीन सरकार के सुपुर्द कर दिया है जिससे चीन भारत के काफी नजदीक पहुंच गया है। इस तरह चीन भारत पर कभी भी हमला कर सकता है जबकि भारत सरकार सब कुछ जानते हुए भी अनजान बनी हुई है। यह खुलासा ऑल इंडिया शिवसेना के राष्ट्रीय प्रधान सुरिंद्र बिल्ला ने किया।
बिल्ला ने बताया कि चीन ने भारत की 38,000 स्क्वायर किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर रखा है जबकि भारत की 5,180 स्क्वायर किलोमीटर जमीन पर पाकिस्तान ने कब्जा जमाया हुआ है लेकिन विदेश मंत्रालय व रक्षा मंत्रालय चुप्पी धारण किए हुए है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। चीन व पाकिस्तान के खौफ के नतीजतन सरकार ने जनता को भी कमजोर समझा हुआ है, जबकि भारतवासी कायर नहीं हैं।
वे चीन और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं। 1962 से ही चीन कब्जा जमाए हुए है लेकिन अब तक सरकार चीन से जमीन को कब्जामुक्त नहीं करवा पाई है। हाल में ही विदेश व रक्षा मंत्री चीन दौरे पर जा चुके हैं लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इन दौरों पर करोड़ों रुपए फूंक दिए गए हैं लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात। जब जमीन चीन के कब्जे से छुड़ा पाना मुश्किल है तो फिर केंद्रीय मंत्री करोड़ों रुपए खर्च कर चीन क्या करने जाते हैं?
