सिंक्लेयर ने क्रिकेट को अलविदा कहा

सिंक्लेयर ने क्रिकेट को अलविदा कहा

वेलिंगटन: न्यूजीलैंड के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज मैथ्यू सिंक्लेयर ने आज क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उन्होंने साथ ही खुलासा कि वह अपने परिवार के पालन पोषण के लिए बेरोजगारी भत्ता पाने वालों की सूची में पंजीकरण कराएंगे। सिंक्लेयर पदार्पण टेस्ट में दोहरा शतक जडऩे वाले न्यूजीलैंड के एकमात्र खिलाड़ी हैं।

उन्होंने 1999 में वेलिंगटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ 214 रन की पारी खेलकर अपने कैरियर का आगाज किया था। दायें हाथ के इस बल्लेबाज ने अगले सत्र में पाकिस्तान के खिलाफ भी दोहरा शतक जड़ा लेकिन राष्ट्रीय टीम में कभी अपनी जगह पक्की नहीं कर पाया। उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट 2010 में खेला। सैंतीस वर्षीय सिंक्लेयर के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि वह अब गर्मियों में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्टैग्स की ओर से खेलकर और खाली समय में काम करने अपने परिवार का भरण पोषण नहीं कर सकते।

सिंक्लेयर ने कहा कि संभावित नियोक्ता को जब यह पता चलता है कि वह क्रिकेट सत्र के दौरान अनुपलब्ध रहेंगे तो वह उन्हें काम देने में हिचकता है और ऐसे में लंबे समय के करियर से जुडऩे का समय आ गया है। सिंक्लेयर ने कहा कि जब तक उन्हें अच्छा रोजगार नहीं मिल जाता तब तक उन्हें बेरोजगारी भत्ते के लिए पंजीकरण कराना होगा। दायें हाथ के इस बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड की ओर से 33 टेस्ट में 32.05 की औसत से 1635 रन बनाए।

Related posts