
ऊना। रविवार मध्य रात्रि से सोमवार सुबह तक हुई भारी बारिश ने ऊना को जलमग्न कर दिया। हालत ऐसी हो गई कि सुबह होते ही कई इलाकों में बेतहाशा पानी भर गया और उनका सामान भी उसमें तैरता नजर आने लगा। जिला मुख्यालय के पुराना बस अड्डा क्षेत्र सहित फ्रेंड्स कालोनी और जिला सचिवालय के कई दफ्तराें में भी पानी ने जमकर कोहराम मचाया। इसी बीच कुछ कार्यालयों के दस्तावेज भी सड़कों पर पानी में तैरते देखे गए। वहीं जिला मुख्यालय के रेड लाइट चौक में लगभग चार दुकानों को संभालने वाली दीवार गिरने से दुकानदारों को हजारों रुपये का नुकसान हो गया है। उधर, मेन बाजार में एक पुराना भवन एक वाहन पर गिरने से लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुराना बस अड्डा क्षेत्र में पानी को निकालने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियाें को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
भारी बारिश के चलते जिला मुख्यालय के रेड लाइट चौक पर दीवार गिरने से चार दुकानों को भारी क्षति पहुंची है। दुकानदारों में पवन कुमार शर्मा, ओम प्रकाश, रामजी दास और प्रकाश चंद की दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि उनका हजारों रुपये का सामान और कपड़ा बारिश के पानी में बह गया। इसका पता उन्हें सोमवार सुबह दुकानों पर पहुंचने के बाद चला। उधर, पौड़ियां वाला बाजार में अमरनाथ मेले के लिए लंगर के लिए राशन लेकर जाने वाले वाहन पर भवन आ गिरा, जिससे लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। दूसरी ओर पुराना अड्डा क्षेत्र में दर्जनों दुकानों और घरों में पानी ने जमकर कोहराम मचाते हुए लोगों को लाखों रुपये की चपत लगा दी है। इस क्षेत्र में पानी निकालने के जिए दमकल विभाग के कर्मचारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। उधर, फ्रेंडस कालोनी में भी लोगों को पानी की वजह से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस क्षेत्र के मार्गों पर लगभग दो से ढाई फुट तक भरे पानी ने लोगों को मुसीबतों में डाले रखा। दमकल विभाग के अधिकारी कमल स्वरूप ने बताया कि कर्मचारियों ने पानी को निकाल बाहर कर दिया है। हालात अब सामान्य हैं।
