
ऊना। जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में रविवार देर रात आयोजित शादी समारोह में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष होने का मामला सामने आया है। वारदात में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार और मेडिकल के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। वारदात में तलवाड़ा के पिता-पुत्र को नामजद कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय होटल में रविवार देर रात शादी समारोह चल रहा था। इसमें प्रिंस कुमार पुत्र तिलक राज निवासी तलवाड़ा जिला होशियारपुर पंजाब अपने रिश्तेदारों के साथ शामिल होने के लिए आए थे। इसी दौरान तलवाड़ा से ही आए पिता-पुत्र ने सुक्खू पुत्र सेवा सिंह और उनके पुत्र राजा के साथ प्रिंस की कहासुनी हो गई। प्रिंस ने आरोप लगाया है कि दोनों ने उनके साथ गाली गलौज किया है। जब प्रिंस ने उनका विरोध किया तो पिता-पुत्र ने मिलकर उसे बुरी तरह पीट डाला। घटना में प्रिंस बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने घायल के उपचार और मेडिकल के लिए उसे क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जबकि आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर लिया है।
