
जार्जटाउन: शाहिद अफरीदी की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार वापसी के दम पर पाकिस्तान ने पहले एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में वेस्टइंडीज को 126 रन से हरा दिया। चैंपियंस ट्रॉफी में टीम से बाहर किए गए अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए वन डे क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकार्ड बनाते हुए 12 रन देकर सात विकेट लिए। मेजबान टीम 41 ओवर में सिर्फ 98 रन पर आउट हो गई।
इससे पहले पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 224 रन बनाए थे जिसमें अफरीदी के 76 रन शामिल है। अफरीदी ने कप्तान मिसबाह उल हक (52) के साथ छठे विकेट के लिए 120 रन जोड़े। अफरीदी ने 55 गेंदों का सामना करके अपनी पारी में पांच छक्के और छह चौके लगाए। वह 39वें ओवर में कीरोन पोलार्ड की गेंद पर डीप मिडविकेट में डेरेन सैमी को कैच देकर पवेलियन लौटे। वेस्टइंडीज के लिए पोलार्ड या क्रिस गेल कोई कमाल नहीं कर सके।
मोहम्मद इरफान ने जानसन चार्ल्स और डेरेन ब्रावो को सस्ते में आउट किया। गेल दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए। इसके बाद अफरीदी ने कैरेबियाई पारी को बिखेर दिया।
