
हरोली (ऊना)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत चंदपुर में लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। हालत ऐसी है कि लोगों को पानी के लिए या तो दूर-दराज क्षेत्रों में भटकना पड़ रहा है, या फिर जान को जोखिम में डाल कर टैंक से पानी निकालने को विवश होना पड़ रहा है। चंदपुर में पिछले एक सप्ताह से लोगों को पेयजल नहीं मिल पाया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
चंदपुर निवासियों में प्रोमिला देवी, नीला देवी, जोगिंद्र सिंह, अजय राणा, सुरेंद्र सिंह, दलजीत सिंह, रणजीत सिंह, संजय राणा, विभू व जनक राज ने बताया कि पिछले काफी समय से पानी की त्राही-त्राही मची हुई है। बरसात में भी पानी की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि आईपीएच विभाग को बार-बार सूचित करने के बावजूद भी पानी की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल रही हैै। पेयजल सप्लाई स्कीम ठप होने के चलते वे आसपास के क्षेत्रों से पानी ढोने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि इस गर्मी में नहाने को भी पानी नहीं मिल रहा है। एक बाल्टी से दो-दो लोगों को नहाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि आईपीएच की उक्त स्कीम लगभग हर चौथे माह खराब रहती है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हाेंने विभाग के प्रति गहरा रोष जताया है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या जल्द पूरी नहीं हुई तो उन्हें सड़कों पर उतरने का मजबूर होना पड़ेगा। उधर, आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता पीएल शर्मा ने बताया कि स्कीम की मोटर खराब होने से पेयजल सप्लाई में दिक्कत आ रही है। विभाग हरसंभव प्रयास कर रहा है। सोमवार तक लोगों को पानी मुहैया करवाया जाएगा।
