बुजुर्ग महिला को डंडे से पीटा

अंब (ऊना)। क्षेत्र के गांव चक्क में रास्ते के विवाद के चलते एक व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला पर डंडे से हमला कर डाला। इसमें उनको गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान कलमबद्ध कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित भरवाल पुत्र धर्मचंद निवासी चक्क ने अंब थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह मेहनत मजदूरी कर अपना एवं अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा है। शनिवार को उसकी माता सरला देवी आम रास्ते से जा रही थीं कि उनके ही गांव के ओमप्रकाश सहित दो अन्य लोगों ने उसकी माता का रास्ता रोका तथा अभद्र व्यवहार किया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने तैश में आकर उसकी माता के ऊपर डंडे से वार कर डाला। इससे उसकी माता की दाईं आंख एवं दाईं बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं। रोहित ने बताया कि जब वह अपनी मां को बचाने आया तो उक्त तीनों ने उस पर भी डंडे से वार कर दिया, जिससे उसके सिर पर चोट आई है। रोहित का कहना है कि जब से पंचायत ने इस मार्ग को बनवाया है, तब से उक्त लोग उनके चलने पर ऐतराज कर रहे हैं। डीएसपी अंब मदन कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले के संदर्भ में तीनों आरोपियों को नामजद कर धारा 341, 323 एवं 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Related posts