भवन का उद्घाटन न करने भड़की एबीवीपी

हरिपुर (कुल्लू)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की हरिपुर इकाई शुक्रवार को महाविद्यालय के नए भवन का उद्घाटन न करने पर भड़क गई। एबीवीपी का कहना है कि अभी तक भवन का उद्घाटन नहीं हुआ है। इस कारण भवन में कक्षाएं नहीं लग रही। विद्यार्थियों की अधिक संख्या होने पर कक्षाएं लगाने में छात्रों को भारी मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। एबीवीपी ने मांग की है कि भवन का उद्घाटन जल्द से जल्द किया जाए। एबीवीपी के जिला संयोजक जनेश ठाकुर ने कहा कि अगर भवन का उद्घाटन जल्द नहीं हुआ तो एबीवीपी उग्र आंदोलन करेगी। इस वर्ष उद्घाटन हुआ होता है तो विज्ञान और वाणिज्य की कक्षाएं भी इसी सत्र में शुरू हो जाती। सरकार के सुस्त रवैये के कारण इस भवन का उद्घाटन नहीं हो पाया। महाविद्यालय के पास चार कमरे हैं और सारी कक्षाएं उनमें ही लगती हैं। एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर भवन का उद्घाटन नहीं किया गया तो एबीवीपी आंदोलन करने को मजबूर होगी।

Related posts